अपराधघटनाचक्रदंतेवाड़ासुकमा

दंतेवाड़ा में दिनदहाड़े सुकमा उप पुलिस अधीक्षक पर चाकू से हमला, बाजार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी; आरोपी युवक-युवती गिरफ्तार

आरोपी हमलावर युवक

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ शुक्रवार दोपहर बाजार क्षेत्र में सुकमा जिले के उप पुलिस अधीक्षक (DySP) तोमेश वर्मा पर एक युवक और युवती ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू का इस्तेमाल किया गया है, जिससे अधिकारी घायल हो गए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया है।
न्यायालयीन काम से आए थे दंतेवाड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, सुकमा में पदस्थ DySP तोमेश वर्मा आज (19 दिसंबर) एक न्यायालयीन प्रकरण के सिलसिले में दंतेवाड़ा जिला न्यायालय आए हुए थे। कोर्ट के काम के बाद जब वे बाजार क्षेत्र की ओर थे, तभी अचानक घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
पुरानी रंजिश और दुर्ग कोर्ट का कनेक्शन
प्राथमिक जांच में इस हमले के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। सूत्रों और शुरुआती पूछताछ के अनुसार, DySP वर्मा और हमलावर युवक-युवती के बीच दुर्ग जिले की एक अदालत में काफी समय से कोई पुराना प्रकरण चल रहा है। माना जा रहा है कि इसी मामले के विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
अस्पताल में भर्ती, स्थिति नियंत्रण में
हमले के तुरंत बाद घायल DySP श्री तोमेश वर्मा को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ
वारदात के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक और युवती को पकड़ लिया गया। दंतेवाड़ा पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनसे अज्ञात स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले की साजिश पहले से रची गई थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल है।
दिनदहाड़े एक राजपत्रित अधिकारी पर हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button