अपराधराजधानी

रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’: महाराष्ट्र का अंतरराज्यीय कोकीन तस्कर गिरफ्तार, ₹8 लाख से अधिक का माल जप्त

राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी स्ट्राइक की है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस ने एक्सप्रेस-वे रोड पर घेराबंदी कर महाराष्ट्र के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लाखों रुपये की हाई-प्रोफाइल ड्रग ‘कोकीन’ बरामद की गई है।

एक्सप्रेस-वे पर बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचा गया तस्कर
गंज थाना क्षेत्र के चूनाभट्ठी स्थित पुरानी शराब दुकान के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
आरोपी के पास से मिली 16.56 ग्राम कोकीन
पकड़े गए आरोपी की पहचान हर्ष नरेश पांडेय (22 वर्ष) निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 16.56 ग्राम कोकीन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जप्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 8.28 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद
रायपुर आईजी श्री अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशों पर चल रहे इस अभियान में अब पुलिस ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस’ खंगाल रही है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोकीन की यह खेप रायपुर में किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क के तार महाराष्ट्र में कहां से जुड़े हैं।
मुख्य विवरण:

  • आरोपी: हर्ष नरेश पांडेय, उम्र 22 वर्ष (गोंदिया, महाराष्ट्र)।
  • जप्त सामग्री: 16.56 ग्राम कोकीन और 01 मोबाइल फोन।
  • कुल मशरूका: लगभग 8,38,000/- रुपये।
  • कार्यवाही: थाना गंज में अपराध क्रमांक 334/25, धारा 22 (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज।
    रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही ने शहर में नशा फैलाने वाले गिरोहों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत आगे भी ऐसी ही सख्त कार्यवाहियां जारी रहेंगी।
Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button