BEO कार्यालय के आसपास की झाड़ियों की हुई सफाई, बिलाईगढ़ में 1300 शिक्षकों की सर्विस बुक और सुरक्षा को लेकर अब भी बड़े सवाल

सारंगढ़-बिलाईगढ़: ‘सोशल मीडिया का असर अब धरातल पर देखने को मिला है, जिसके तहत बिलाईगढ़ स्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय के आसपास फैली बड़ी-बड़ी झाड़ियों और गंदगी की सफाई करवा दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि केवल सफाई हो जाना ही विभाग की पूरी जिम्मेदारी नहीं है, क्योंकि कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों और शिक्षकों के भविष्य से जुड़े मामलों पर गंभीर सवाल अभी भी बरकरार हैं।
सर्विस बुक की सुरक्षा और संरक्षा पर संशय कार्यालय में लगभग 1300 शिक्षकों की सर्विस बुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, कार्यालय की खुली खिड़कियों से दस्तावेजों की सुरक्षा खतरे में होने, आगजनी की संभावना तथा लंबे समय से एक ही स्थान पर अधिकारी के पदस्थ रहने को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके अलावा, पूर्व में कुछ शिक्षकों की सर्विस बुक गायब होने संबंधी शिकायतें भी सामने आई हैं, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर उठ रहे मुख्य सवाल:
- क्या प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा?
- क्या संबंधित अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी 1300 शिक्षकों की सर्विस बुक सुरक्षित हैं?
- यदि जांच के दौरान दस्तावेज गायब पाए जाते हैं, तो क्या इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर प्रशासनिक कार्यवाही होगी या नहीं?
स्थानीय स्तर पर शिक्षकों और जागरूक नागरिकों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से इन सभी बिंदुओं पर जिम्मेदार अधिकारियों से पारदर्शी और स्पष्ट जवाब की मांग की जा रही है।



