
रायपुर/बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर इस बार प्रदेश के हुनरमंद युवाओं के जोश और उमंग से सराबोर होने वाली है। आगामी 23 से 25 दिसंबर 2025 तक राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। खेल, कला और संस्कृति के इस अनूठे संगम में प्रदेश भर के लगभग 4000 युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।। तैयारियां जोरों पर: मुख्य सचिव ने कसी कमर:- महानदी भवन (मंत्रालय) में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने इस भव्य आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। बिलासपुर कलेक्टर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजन स्थल की सुरक्षा, आवास और परिवहन व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं।। कहां होंगे आयोजन? :- इस महोत्सव की गूंज बिलासपुर के दो प्रमुख स्थानों पर सुनाई देगी:

- राज्य खेल परिसर, बहतराई
- पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर
लोक संस्कृति से लेकर रॉकबैंड तक: क्या होगा खास?
इस तीन दिवसीय महोत्सव में छत्तीसगढ़ की मिट्टी की महक और आधुनिक युवाओं का स्वैग, दोनों देखने को मिलेगा। 15 से 29 वर्ष के युवा कलाकार 14 विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे: - पारंपरिक लोक नृत्य: पंथी, सुआ, कर्मा और राउत नाचा की थाप पर पूरा बिलासपुर थिरकेगा।
- बौद्धिक और कलात्मक प्रतियोगिताएं: कहानी लेखन, कविता, चित्रकला, वाद-विवाद और नवाचार (Innovation)।
- मंच की रौनक: शाम को प्रसिद्ध कलाकारों का गायन, कवि सम्मेलन और धमाकेदार रॉकबैंड की प्रस्तुतियां पाठकों और दर्शकों का मन मोह लेंगी।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स का होगा आगाज
इस महोत्सव की एक बड़ी खासियत यह है कि 23 दिसंबर को उद्घाटन के साथ ही ‘खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स’ की लॉन्चिंग सेरेमनी भी आयोजित होगी। यह आयोजन प्रदेश की जनजातीय खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेगा।
युवाओं के लिए ‘वन स्टॉप शॉप’ स्टॉल्स
महोत्सव स्थल पर केवल खेल और नाच-गाना ही नहीं होगा, बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने की जानकारी भी मिलेगी। रोजगार, ग्रामोद्योग, परिवहन और समाज कल्याण जैसे विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे, जहां युवा सरकारी योजनाओं और करियर के अवसरों के बारे में जान सकेंगे।
विजेताओं को मिलेगा ‘नेशनल’ का टिकट
जिला स्तर पर जीत दर्ज कर चुके ये 4000 प्रतिभागी अब राज्य स्तर पर भिड़ेंगे। यहां जो बाजी मारेगा, उसे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त होगा।
मुख्य सचिव की टीम एक्शन में:
बैठक में श्रीमती शहला निगार, श्री यशवंत कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के लिए वेलकम किट, प्रोत्साहन राशि, आवास और भोजन की जिम्मेदारी अलग-अलग विभागों को सौंपी गई है ताकि मेहमानों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।




