न्यायधानीपुलिस

बिलासपुर में खड़ी गाड़ियों में आग लगाने वाला शातिर महेश उर्फ ‘पेचकस’ गिरफ्तार: दो वारदातों को दिया था अंजाम, सरकंडा पुलिस ने भेजा जेल

बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में रातों-रात खड़ी गाड़ियों में आग लगाकर इलाके में दहशत फैलाने वाले शातिर आरोपी को सरकंडा पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस दो अलग-अलग आगजनी की घटनाओं का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पहली वारदात :- स्कूटी में पेट्रोल डालकर लगाई थी आग मामला 10 सितंबर 2026 की देर रात का है। सूर्या चौक चिंगराजपारा में रहने वाली गौरी देवांगन की स्कूटी (क्रमांक CG 10 BE 3159) मकान के बाहर खड़ी थी। रात करीब 12:00 से 3:00 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने बोतल से पेट्रोल छिड़ककर स्कूटी में आग लगा दी। सुबह देखने पर स्कूटी और आसपास रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1288/2026, धारा 326(g) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दूसरी वारदात:-  रंगदारी न मिलने पर मोटरसाइकिल चुराई और जला दी अभी पहली घटना की जांच चल ही रही थी कि 13 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने बंधवापारा निवासी नफीस खान को रोक लिया। आरोपी ने नफीस से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब नफीस ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने नफीस की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 EE 7267) चुरा ली और उसे भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर आग के हवाले कर दिया। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1320/2026, धारा 119(1), 296, 351(2), 326(f) BNS के तहत केस दर्ज किया।

मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से हत्थे चढ़ा आरोपी :- बिलासपुर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही महेश कुमार साहू को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में कबूल किया कि उसी ने नफीस खान की मोटरसाइकिल और गौरी देवांगन की स्कूटी में आग लगाई थी।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

  • नाम: महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस
  • पिता का नाम: मुन्ना लाल साहू
  • उम्र: 29 वर्ष
  • निवासी: भंडारी प्लांट, बंधवापारा, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

मामला अजमानतीय होने के कारण पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जनहित में पुलिस की अपील और जागरूकता:

  • गाड़ियों की सुरक्षा: रात के समय अपने वाहनों को जहां तक संभव हो, सुरक्षित बाउंड्री, गैराज या रोशनी वाले स्थान पर ही पार्क करें।
  • अज्ञात/संदेही दिखने पर तुरंत सूचना दें: यदि आपके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति देर रात बिना वजह घूमता दिखे या रंगदारी/अवैध मांग करे, तो डरे नहीं। तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर पुलिस को सूचित करें।
Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button