अपराधकवर्धा

कवर्धा: फिल्मी अंदाज में पकड़े गए 70 लाख के गांजे के तस्कर, ट्रक के गुप्त चैंबर में छुपाए थे 100 पैकेट

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, कबीरधाम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गांजे की तस्करी का पर्दाफाश किया है। रविवार सुबह, चिल्फी थाना पुलिस ने एक ट्रक से करीब 1.50 क्विंटल गांजा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपए है। इस मामले में हरियाणा और राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लोड कर दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर तुरंत चेकिंग शुरू कर दी गई।


बेहद चालाकी से छुपाए गए थे 100 से ज्यादा पैकेट
चेकिंग के दौरान, पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक (PB-02-EJ-3009) को रोका। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो वह भी हैरान रह गई। तस्करों ने गांजे को ट्रक के डाला के नीचे बने एक गुप्त चैंबर में बेहद चालाकी से छुपा रखा था। इस चैंबर से पुलिस ने 100 से ज्यादा पैकेट्स में भरा हुआ गांजा बरामद किया।


इस कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय थे और हर बार पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपनाते थे।


नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई
गौरतलब है कि कबीरधाम पुलिस पिछले आठ महीनों में सवा करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा जब्त कर चुकी है। पुलिस की यह लगातार कार्रवाई दिखाती है कि वह जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button