न्यायधानी

इंदु इमैजिका कॉलोनी में दहशत: चोरी के बाद अब आगजनी, कचरा उठाने वाले लोडर को किया गया आग के हवाले

(बिलासपुर ग्रामीण) इंदु इमैजिका कॉलोनी इन दिनों गंभीर सुरक्षा संकट और आंतरिक कलह के साये में जी रही है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच, अब आगजनी की एक दहला देने वाली घटना ने रहवासियों की नींद उड़ा दी है। असामाजिक तत्वों द्वारा कॉलोनी में कचरा उठाने वाले लोडर (लोडर मशीन) में आग लगा दी गई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह जलकर खाक हो गया है।

मैनेजमेंट, बिल्डर और रहवासियों के बीच गहराया विवाद

सूत्रों और स्थानीय रहवासियों के अनुसार, इस बढ़ते तनाव की मुख्य वजह कॉलोनी के मैनेजमेंट, बिल्डर और कतिपय कॉलोनी वासियों के बीच चल रहा आपसी विवाद है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रही खींचतान और प्रशासनिक अनदेखी के कारण यह प्रतिष्ठित कॉलोनी अब मूलभूत सुविधाओं से वंचित होने के कगार पर पहुँच चुकी है।

बुनियादी सुविधाओं के लाले और असुरक्षा का माहौल

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि आपसी विवाद और बिगड़ती व्यवस्थाओं के चलते साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं चरमरा गई हैं। कचरा उठाने वाले वाहन को जलाए जाने से अब कॉलोनी में स्वच्छता व्यवस्था पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

रहवासियों में भारी रोष और डर

दिन-प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की वारदातों और अब इस तरह खुलेआम आगजनी की घटना से पूरी कॉलोनी में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करने, दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई करने तथा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की पुरजोर मांग की है। अन्यथा आज कचरे की गाड़ी जलाई गई है कल निजी वाहन भी खतरे में आ सकते हैं।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button