छत्तीसगढ़: 600 नए वकीलों को मिला वकालत का अधिकार, स्टेट बार काउंसिल ने दी पंजीकरण को मंजूरी

छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद (State Bar Council) की नामांकन समिति की बैठक में प्रदेश के लगभग 600 लॉ ग्रेजुएट्स के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। समिति ने इन सभी आवेदकों को नए अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत करने की हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही, एक अधिवक्ता का सनद बहाल किया गया है और 26 प्रोविज़नल प्रमाण पत्रों की अनुशंसा की गई है।
उच्च न्यायालय परिसर बोदरी में हुई बैठक
यह महत्वपूर्ण बैठक उच्च न्यायालय परिसर बोदरी स्थित परिषद के मुख्य कार्यालय में आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता नामांकन समिति के अध्यक्ष रवि सिंह राजपूत ने की। समिति के सदस्य आलोक कुमार गुप्ता और भास्कर साहू की मौजूदगी में प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद 600 विधि स्नातकों के पंजीयन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक के सफल और कुशल संचालन में परिषद के सचिव अमित वर्मा, सहसचिव टीकाराम साहू, नामांकन प्रभारी पुष्पेन्द्र कुमार जायसवाल तथा विशाल की प्रमुख भूमिका रही।




