अपराधपुलिसराजधानी

रायपुर में देर रात पार्टी के दौरान हंगामा: पुलिस से झूमा-झटकी करने वाले 4 युवक और 3 युवतियां गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात पार्टी का शोर शराबा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करना 7 लोगों को भारी पड़ गया। कालीबाड़ी क्षेत्र में रात 3 बजे छत पर डीजे बजाकर हुल्लड़बाजी करने और मना करने पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने 4 युवकों और 3 युवतियों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर ली है।

पहली बार दी समझाइश, दोबारा शिकायत पर हुआ हंगामा

घटना 2 अगस्त की सुबह लगभग 3 बजे की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी नगर (कालीबाड़ी) स्थित प्रताप ताण्डी के मकान की छत पर कुछ युवक-युवतियां जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने से परेशान मोहल्ले वालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम पहली बार पहुंची, तो समझाइश देने पर उन्होंने साउंड बंद कर दिया। लेकिन पुलिस के जाते ही दोबारा तेज आवाज में गाना बजाकर हुल्लड़बाजी शुरू कर दी गई।

पुलिस पर हमला, अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी

दोबारा शिकायत मिलने पर जब पुलिस दल फिर से मौके पर पहुंचा और साउंड सिस्टम बंद कराने लगा, तो छत पर मौजूद युवक-युवतियां भड़क गए। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं, पुलिस को अश्लील गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस झूमा-झटकी में कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें भी आईं।

गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज

घटना की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की गंभीर और गैर-जमानती धाराओं (296, 115(2), 351(2), 121, 121(1), 191 एवं 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी:

  • प्रताप ताण्डी (उम्र 33 वर्ष), निवासी- गांधी नगर, कालीबाड़ी
  • हरीश ताण्डी (उम्र 30 वर्ष), निवासी- गांधी नगर, कालीबाड़ी
  • दीपक दास (उम्र 26 वर्ष), निवासी- सुभाष नगर, टिकरापारा
  • विपुल जोशी (उम्र 30 वर्ष), निवासी- शास्त्री चौक, मौदहापारा
  • हर्षा महानंद (उम्र 25 वर्ष), निवासी- सिविल लाइन, रायपुर
  • दिव्या सोनी (उम्र 27 वर्ष), निवासी- गांधी नगर, कालीबाड़ी
  • उपासना सोनी (उम्र 28 वर्ष), निवासी- गांधी नगर, कालीबाड़ी

‘अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही’: रायपुर पुलिस

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करना, शराब के नशे में उत्पात मचाना और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के काम में रुकावट डालना गंभीर अपराध है। पुलिस ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्यवाही करेगी। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button