
रायपुर/बरमकेला: छत्तीसगढ़ के सहकारिता क्षेत्र में मचे बड़े हड़कंप के बीच अब एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बरमकेला क्षेत्र की सहकारी समितियों और अपेक्स बैंक में हुए करोड़ों के गबन की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अपने हाथ में ले ली है।
किसानों के नाम पर ‘फर्जी लोन’ का मायाजाल
इस पूरे घोटाले का सबसे काला पक्ष यह है कि उन मासूम किसानों के नाम पर KCC (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन निकाल लिया गया, जिन्होंने कभी कर्ज के लिए आवेदन तक नहीं किया था। बरमकेला ब्लॉक की 17 समितियों में यह धांधली पाई गई है। जाँच में पता चला है कि लगभग 887 बैंक खातों के जरिए संदिग्ध लेनदेन कर जनता की गाढ़ी कमाई का गबन किया गया।
खबर के बड़े पहलू:
- 10 करोड़ का गबन सिर्फ एक शाखा में: अकेले बरमकेला अपेक्स बैंक शाखा में करीब 10 करोड़ रुपये की हेराफेरी सामने आई है।
- 8 दिग्गजों पर गाज: बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत 8 अधिकारियों और कर्मचारियों पर FIR दर्ज हो चुकी है।
- 150 करोड़ तक जा सकता है आंकड़ा: प्रारंभिक जांच में 20 करोड़ की धांधली मिली है, लेकिन इनपुट बता रहे हैं कि पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 150 करोड़ रुपये के पार हो सकता है।
क्यों बढ़ी हलचल?
समिति प्रबंधन की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इस केस को स्थानीय पुलिस से लेकर राज्य की सबसे बड़ी जांच एजेंसियों (EOW-ACB) को सौंप दिया गया है। बरमकेला के अलावा बड़े नवापारा, बोंदा, दुलोपाली और लेंध्रा जैसी समितियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि जांच की आंच और किन-किन बड़े नामों तक पहुँचती है।


