
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत जिला पुलिस और एंटी नारकोटिक्स फोर्स ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है।
आईचर ट्रक में छिपा था करोड़ों का ‘काला सोना’
कोमाखान थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने एक संदिग्ध आईचर ट्रक (क्रमांक MH 20EG 3969) को रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। ट्रक के भीतर कुल 950 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने न केवल नशीला पदार्थ जप्त किया, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, मोबाइल और नगद राशि समेत कुल 4.90 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त की है।
महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार
इस हाई-प्रोफाइल तस्करी के मामले में पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है:
- अक्षय भोरजे (26 वर्ष): निवासी अकोला देव, जिला जालना, महाराष्ट्र।
- सुभम आरटे (24 वर्ष): निवासी कुच्चबघवा, जिला जालना, महाराष्ट्र।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
‘एंड टू एंड’ इन्वेस्टिगेशन: जड़ तक पहुंचेगी पुलिस
महासमुंद पुलिस केवल गिरफ्तारी तक ही सीमित नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक’ खंगालने के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं। जांच में यह सामने आया है कि गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था और इसे देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस का लक्ष्य सप्लाई चेन के मुख्य सोर्स और डिस्ट्रीब्यूशन पॉइंट्स को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
आंकड़ों में महासमुंद पुलिस की सफलता (विगत 1 माह)
पिछले एक महीने के दौरान जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ युद्ध स्तर पर काम किया है: - गांजा जप्ती: कुल 1918 किलो 610 ग्राम (कीमत ₹9.51 करोड़ से अधिक)।
- गिरफ्तारियां: नारकोटिक्स के मामलों में अब तक 40 आरोपी सलाखों के पीछे।
- अन्य जप्ती: 146 कोडीन सिरप की बोतलें और तस्करी में शामिल 19 वाहन।
- औसत: पिछले 15 दिनों में पुलिस ने प्रतिदिन औसतन 122 किलो गांजा पकड़ा है।
अन्य बड़ी उपलब्धियां
नारकोटिक्स के अलावा, पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 121 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1732 लीटर शराब जप्त की है। साथ ही, सांकरा क्षेत्र में 2 महीने पहले हुई एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए 72 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर बरामद करने में भी सफलता पाई है।



