जिला प्रशासन की नाक के नीचे, बंद शटर के पीछे हो रहा है मोल-भाव… पुलिस की छापेमारी के बाद भी नहीं थम रहा यह सिलसिला!
बिलासपुर के लिंक रोड स्थित एक चर्चित पब-बार ने एक बार फिर अपनी ‘बदमाशियों’ से सुर्खियां बटोरी हैं। मारपीट, हुड़दंग और देर रात तक अवैध रूप से शराब बेचने के लिए कुख्यात इस पब का मैनेजमेंट अब जिला प्रशासन और पुलिस के नियमों को खुलेआम चुनौती दे रहा है।
रात के अंधेरे में शटर के पीछे चलता है ‘शराब का कारोबार’
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे यह पब-बार रात के समय बाहर से तो बंद दिखता है, लेकिन अंदर शराब का जमकर कारोबार चल रहा होता है। वीडियो में पब का स्टाफ ग्राहकों से मोलभाव करते हुए नजर आ रहा है। 400 रुपये वाली बियर को भी ‘पब रेट’ पर बेचा जा रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि अगर ग्राहक के पास छिल्लर (खुले पैसे) नहीं हैं, तो उन्हें ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा भी दी जा रही है!
पुलिस की छापेमारी, फिर भी नहीं रुक रहा धंधा
हालांकि, पुलिस प्रशासन भी इस मामले में पीछे नहीं है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नाइट पेट्रोलिंग टीमें लगातार इस तरह के अवैध कारोबार पर नजर रख रही हैं। रविवार की रात ताराबाहर थाने के एसआई रामनरेश यादव की टीम ने जब इस पब के बाहर संदिग्ध हलचल देखी, तो तुरंत कार्रवाई की। लेकिन पुलिस की गाड़ी के आते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि कैसे एसआई यादव पब के स्टाफ को जोरदार डांट रहे हैं, लेकिन मैनेजमेंट पहले ही फरार हो चुका था।
आबकारी विभाग ‘सांप सूंघ गया’?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जहां पुलिस समय-समय पर कार्रवाई कर रही है, वहीं जिला आबकारी विभाग इस मामले में क्यों चुप है? इस पब के खिलाफ कई बार शिकायतें मिलने के बावजूद आबकारी विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिला आबकारी अधिकारी नवनीत तिवारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। बताया जा रहा है कि वह हाईकोर्ट गए हुए हैं।
क्या है नियम?
आबकारी विभाग के नियमों के अनुसार, शहर के पब-बारों को रात 12 बजे के बाद शराब बेचने की अनुमति नहीं है। लेकिन इस पब का मैनेजमेंट इन नियमों को ताक पर रखकर रातभर अवैध तरीके से शराब बेच रहा है।
क्या होगा अगला एक्शन?
अब देखना यह है कि पुलिस और आबकारी विभाग इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाते हैं। क्या इस पब के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, या फिर यह ‘धंधा’ यूं ही चलता रहेगा?




