आंधी में उजड़ा आशियाना, पेड़ गिरने से बुजुर्ग महिला घायल; जगरगुंडा पुलिस और CRPF बने मददगार:सुकमा

सुकमा: आंधी-तूफान और तेज बारिश के कहर के बीच जगरगुंडा में मानवता और मुस्तैदी की एक मिसाल देखने को मिली। आंधी के कारण घर पर पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हुई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के लिए स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के जवान देवदूत बनकर पहुंचे। जवानों ने न सिर्फ महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान भी बचाई।
आंधी से तबाही, घर पर गिरा विशालकाय पेड़
बुधवार को सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पूवर्ती और तुमालपारा में अचानक तेज बारिश और भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते कई ग्रामीण इलाकों में घरों के छप्पर उड़ गए और भारी नुकसान हुआ।
इसी दौरान तुमालपारा गांव की निवासी 65 वर्षीय मड़कम दुलारी (पति स्व. जोगा) अपने घर में मौजूद थीं, तभी आंधी के दबाव में एक विशालकाय पेड़ उनके मकान पर आ गिरा। इस हादसे में मड़कम दुलारी मकान के मलबे और पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आंधी-बारिश के बीच पहुंचे जवान:- खबर मिलते ही जगरगुंडा थाना पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच ही तुमालपारा गांव पहुंची। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मड़कम दुलारी को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी सीआरपीएफ (CRPF) कैंप पूवर्ती ले जाया गया।
कैंप में तैनात मेडिकल स्टाफ ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना किसी देरी के तत्काल इलाज शुरू किया। समय पर मिले सही उपचार की वजह से अब बुजुर्ग महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने लिया गांव का जायजा, ग्रामीणों को दी सतर्क रहने की सलाह
घायल महिला को चिकित्सीय मदद दिलाने के बाद पुलिस टीम ने प्रभावित गांव में घूम-घूमकर ग्रामीणों की सुरक्षा और नुकसान का जायजा लिया। आंधी और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जवानों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की समझाइश दी।
प्रशासन और विद्युत विभाग को भेजी गई रिपोर्ट
घटना के तुरंत बाद जगरगुंडा पुलिस ने क्षेत्र में हुए नुकसान की पूरी रिपोर्ट विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE), क्षेत्र के तहसीलदार और पटवारी को भेज दी है। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर मुआवजा व राहत कार्य की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जगरगुंडा पुलिस का कहना है कि वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित ग्रामीणों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जा रही है।
प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में जगरगुंडा पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की इस त्वरित और मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र और ग्रामीणों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।




