रायपुर महापौर पर वीडियो बनाकर अश्लील टिप्पणी करने वाला सोनू महेश्वरी गिरफ्तार, एंकर सोमा देवांगन पर भी हो सकती है कार्यवाही…

रायपुर महापौर के खिलाफ वीडियो बनाकर अश्लील गाली-गलौज करने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय उर्फ सोनू महेश्वरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी अनिल सोनकर ने 3 सितंबर को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने रायपुर महापौर के विरुद्ध अभद्र और अश्लील टिप्पणी करते हुए एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो को ‘मिरर छत्तीसगढ़’ की एंकर सोमा देवांगन ने बिना किसी आपत्तिजनक शब्द को हटाए या एडिट किए प्रसारित कर दिया, जिससे समाज में अशांति फैलने की आशंका जताई गई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी व गवाहों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (पिता: नारायण महेश्वरी, उम्र: 24 वर्ष)
- पता: देवपुरी, आमातालाब, दुर्गा मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।




