रायपुर में बड़ा फर्जीवाड़ा: नगर निगम अधिकारी बन करोड़ों के जेवर ले उड़ी शातिर महिला, पुलिस के हत्थे चढ़ी मुख्य आरोपी

रायपुर: राजधानी के सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकान में डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर महिला ने पहले दुकानदार का भरोसा जीता और फिर किश्तों में 1.88 करोड़ रुपये के गहने लेकर चंपत हो गई। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी एक साथी महिला अभी भी फरार है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
प्रार्थी रिखब बरडिया (निवासी भाठागांव, रायपुर) ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सदर बाजार स्थित ‘विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन’ दुकान में 24 अगस्त 2026 को किरण साहू नामक महिला अपनी एक साथी के साथ पहुंची थी।
- पहला कदम: आरोपियों ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर दुकानदार का विश्वास हासिल किया।
- पहली डील: पहली मुलाकात में दोनों ने करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए, जिसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट, 7 लाख रुपये नकद दिए और शेष 15 लाख रुपये का एक चेक थमाया।
- बड़ा हाथ: इसके बाद 26 अगस्त 2026 को दोनों महिलाएं दोबारा दुकान आईं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण समेट लिए। इसके एवज में उन्होंने 1,73,37,630 रुपये का दूसरा चेक दिया और दो-तीन दिन में सोने के बिस्कुट देने का झांसा दिया।
- खुलासा: जब प्रार्थी ने 1 सितंबर 2026 को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में लगाया, तो गलत हस्ताक्षर होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद जब संपर्क किया गया, तो मुख्य आरोपी किरण साहू लगातार टालमटोल करती रही और न तो पैसे दिए और न ही हिसाब चुकाया।
इस प्रकार दोनों महिलाओं ने कुल 1,88,37,630 रुपये के आभूषणों की हेराफेरी कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की धरपकड़ के सख्त निर्देश दिए।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी महिला को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी और तलाश जारी
- गिरफ्तार मुख्य आरोपी: किरण साहू (पति गोपाल साहू, उम्र 28 वर्ष), निवासी- मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर।
प्रकरण में शामिल दूसरी महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है। पुलिस अब धोखाधड़ी से ठिए गए आभूषणों की बरामदगी के लिए आगे की जांच कर रही है।



