बिलासपुर: कौशल से ही खुलेगा आजीविका का रास्ता, रोजगार या स्वरोजगार चुनें युवतियां — कलेक्टर संजय अग्रवाल

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि किसी भी प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है, जब सीखे हुए कौशल से आजीविका का रास्ता खुले। उन्होंने युवतियों से कहा कि वे अपनी रुचि और परिस्थितियों के अनुसार रोजगार या स्वरोजगार का विकल्प चुनें। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ने और स्वरोजगार शुरू करने में जरूरी मार्गदर्शन व सहयोग देगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और उनका संबल बनने की अपील की।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल यह बातें शाही एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आजीविका कॉलेज निपनिया में संचालित कौशल प्रशिक्षण केन्द्र के प्रमाणपत्र एवं जॉब ऑफर लेटर वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे।
प्रमाणपत्र, जॉब ऑफर लेटर और उत्साह का माहौल
समारोह के दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने प्रशिक्षण पूरा करने वाली युवतियों को प्रमाणपत्र और चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर लेटर सौंपे। जानकारी के अनुसार, आजीविका कॉलेज निपनिया में शाही एक्सपोर्ट्स द्वारा संचालित केन्द्र के पहले बैच में 35 युवतियों को सिलाई मशीन ऑपरेटर का प्रशिक्षण दिया जा चुका है और केन्द्र में दूसरे बैच का प्रशिक्षण फिलहाल जारी है। प्रमाणपत्र और नौकरी के प्रस्ताव मिलने से युवतियों में काफी उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान बेंगलुरु में कार्यरत पूर्व प्रशिक्षणार्थी सुशीला कुमारी निषाद से ऑनलाइन संवाद भी किया गया। रायपुर केन्द्र से प्रशिक्षण लेने के बाद वे पिछले आठ महीनों से वहां कार्य कर रही हैं। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने उनसे कार्यस्थल के माहौल, रहने-खाने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सुशीला ने प्रशिक्षण से रोजगार तक के अपने सफर के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में बताया गया कि कंपनी के बेंगलुरु केन्द्र में बिलासपुर जिले के कई युवाओं को भी रोजगार मिला है।
प्रभारी सचिव ने बढ़ाया हौसला, लैब का भी हुआ निरीक्षण
समारोह को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। यही आत्मविश्वास आत्मनिर्भर बनने का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवतियां नौकरी करने के साथ-साथ अपने गांव में ही सिलाई की दुकान और बुटीक चलाकर स्वरोजगार का रास्ता भी अपना सकती हैं। स्वरोजगार शुरू करने की इच्छुक प्रशिक्षार्थियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर ऋण दिलाने में मदद की जाएगी।
श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिला प्रशिक्षार्थियों के आत्मविश्वास में आया बदलाव सुखद है। आज सिलाई और बुटीक जैसे स्वरोजगार की काफी संभावनाएं हैं। युवतियां अपने हुनर का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें और अपने आचरण व कार्य से आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बड़े अवसरों का लाभ लेने के लिए कई बार घर से बाहर निकलना पड़ता है, लेकिन आगे बढ़ने का संकल्प मजबूत हो तो छोटी-मोटी कठिनाइयों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों की सहभागिता की सराहना करते हुए प्रशिक्षार्थियों, जिला प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधियों को बधाई दी।
इससे पहले श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने प्रशिक्षण केन्द्र की प्रैक्टिकल लैब और थ्योरी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की प्रक्रिया, उपलब्ध मशीनों, संसाधनों, सुविधाओं और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली, वहीं युवतियों ने अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर कंपनी के स्टेट हेड श्री दीपांकर, एसडीएम श्री नंदकुमार चौबे, जिला मिशन समन्वयक श्री ओम पांडे सहित प्रशिक्षण केन्द्र के प्रतिनिधि, प्रशिक्षार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।



