सुकमा में अंतरराज्यीय गांजा नेटवर्क का बड़ा खुलासा: मेरठ के दो तस्कर और नोएडा के नाबालिग समेत पांच दबोचे गए: वीडियो
सुकमा: ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक गांजे की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई अब बड़े नेटवर्क खुलासे तक पहुंच गई है। ‘ऑपरेशन आगाज’ के तहत 21 नवंबर को 25 किलो 450 ग्राम गांजे के साथ पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने मेरठ के दो तस्करों और नोएडा के दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान भी कर ली गई है।
क्या है नया अपडेट?

शुरुआती कार्यवाही में मलकानगिरी (ओडिशा) निवासी रविंद्र सोड़ी (19) और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा आगे बढ़ाया। इसी कड़ी में:
- जगदलपुर से पकड़े गए तस्कर: जांच के दौरान मेरठ निवासी अशरफ (32) और मोहम्मद कासिफ (32) के नाम सामने आए। सूचना मिली कि दोनों सुकमा से भागने की फिराक में जगदलपुर पहुंच गए हैं। सुकमा पुलिस ने जगदलपुर पुलिस की मदद से घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
- नोएडा के नाबालिगों की संलिप्तता: इस कार्यवाही में नोएडा निवासी दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
- मुख्य सरगना की पहचान: पुलिस की एंड-टू-एंड जांच में गांजा सप्लाई से लेकर डिलीवरी और बिक्री तक की कड़ियां जुड़ गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
कैसे चलता था तस्करी का पूरा खेल?
पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए पूरा सिस्टम अलग-अलग हिस्सों में बांट रखा था:
- स्थानीय खेप: मलकानगिरी क्षेत्र के स्थानीय युवक बाइक और स्कूटी के जरिए गांजा सुकमा तक पहुंचाते थे।
- यात्री बनकर सफर: दूसरे वाहक सामान्य यात्री बनकर ट्रॉली बैग, सूटकेस और आम बैग में गांजा भरकर बस और ट्रेन से यात्रा करते थे।
- बदलते रूट और पैकेटिंग: पुलिस से बचने के लिए सड़क व रेल मार्ग का इस्तेमाल होता था और समय-समय पर रास्ते बदले जाते थे। मेरठ, नोएडा और दिल्ली पहुंचने के बाद गांजे को छोटे पैकेटों में बांटकर बेचा जाता था।
- बेरोजगारों का इस्तेमाल: गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवकों को पैसों का लालच देकर वाहक बनाता था। हर किसी को सीमित जानकारी दी जाती थी ताकि पूरे नेटवर्क का भेद न खुले।
जब्ती, अपराध दर्ज और वित्तीय जांच
पुलिस ने इस मामले में 25 किलो 450 ग्राम गांजा, काली पल्सर मोटरसाइकिल, हल्के हरे रंग की स्कूटी तथा वीवो और रियलमी के दो मोबाइल फोन सहित 14 लाख 62 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
थाना सुकमा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी रोशन राजपूत, थाना स्टाफ और जगदलपुर पुलिस की अहम भूमिका रही। अब पुलिस गांजे के स्रोत, वित्तीय लेन-देन, परिवहन व्यवस्था और अवैध कमाई से बनी संपत्ति की भी पड़ताल कर रही है।





