न्यायधानी

बोदरी वार्ड-7: ‘गड्ढों में सड़क’ या ‘सड़क में गड्ढे’? आश्वासनों की फाइलों में दबी जनता की पीड़ा, छात्र की गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त

खराब रोड पर क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी

बोदरी (बिलासपुर)। नगर पालिका परिषद बोदरी के वार्ड क्रमांक-7 के रहवासी इन दिनों बदहाल और जर्जर सड़कों का दंश झेलने को मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि चकरभाठा बस स्टैंड के पास स्थित अस्थायी नगर पालिका कार्यालय के आसपास और मुख्य सब्जी मार्केट जाने वाले मार्ग की हालत बेहद खस्ताहाल है। जिस रास्ते से होकर प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक रोज़ाना गुजरते हैं, उसी मार्ग पर अब चारपहिया वाहनों का निकलना भी दूभर हो गया है और हर वक्त दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।

आश्वासनों की भेंट चढ़ी शिकायतें, छात्र की गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त:-    प्रशासनिक उदासीनता का खामियाजा अब आम नागरिकों को अपनी जेब से भुगतना पड़ रहा है। वार्ड निवासी छात्र नवीन गोस्वामी ने बताया कि इस जर्जर सड़क से गुजरते समय उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नवीन के अनुसार, वह एक छात्र हैं और वर्तमान में उनकी नियमित आय का कोई साधन नहीं है, ऐसे में वाहन की मरम्मत का आर्थिक बोझ उठाना उनके लिए बेहद कठिन साबित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि वह इस जनसमस्या को लेकर नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार मौखिक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल ‘जल्द सुधार’ का कोरा आश्वासन ही मिला। ज़मीनी स्तर पर आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सिर्फ़ एक व्यक्ति नहीं, पूरे क्षेत्र की है यह पीड़ा:-   नवीन गोस्वामी का कहना है कि एक जागरूक नागरिक द्वारा बार-बार ध्यान आकर्षित कराए जाने के बावजूद समस्या को गंभीरता से न लेना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा केवल उनके व्यक्तिगत नुकसान का नहीं है, बल्कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों परिवार, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग आवागमन करते हैं।

प्रशासन से ज़मीनी कार्रवाई की मांग :-क्षेत्रवासियों और जागरूक नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारी बंद कमरों से निकलकर स्वयं मौके का निरीक्षण करें। अस्थायी कार्यालय के आसपास और सब्जी मार्केट मार्ग का तत्काल एवं स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि जनता को कोरे आश्वासनों के बजाय वास्तविक राहत मिल सके और भविष्य में होने वाले बड़े हादसों को टाला जा सके।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button