
रायपुर। राजधानी के टिकरापारा इलाके में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और आस्था को ठेस पहुंचाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। धरम नगर स्थित गणेश चौक पर स्थापित हनुमान जी की मूर्ति और एक गौशाला को जेसीबी (JCB) से ढहाने वाले पांच आरोपियों को रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी को भी जब्त कर लिया है।। देर रात की गई नापाक हरकत:-यह पूरी घटना 15 और 16 दिसंबर की दरम्यानी रात की है। प्रार्थिया नीतू सोनी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, टिकरापारा के धरम नगर में पीपल पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर भगवान हनुमान की मूर्ति स्थापित थी। आरोपी अरिहंत पारख ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल मूर्ति को खंडित किया, बल्कि वहां स्थित गौशाला में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया था।। पुलिस की त्वरित कार्रवाई :-मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी टिकरापारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और चश्मदीदों से पूछताछ के बाद घेराबंदी कर मुख्य आरोपी समेत कुल 5 लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये हैं गिरफ्तार आरोपी:- पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में रायपुर सहित अन्य राज्यों के युवक भी शामिल हैं:
- अरिहंत पारख (31 वर्ष): निवासी डी-क्वॉड, सिविल लाइन, रायपुर। (मुख्य आरोपी)
- मोहित लखेर (32 वर्ष): निवासी सतना (मध्य प्रदेश), वर्तमान पता- सड्डू, रायपुर।
- भूपेश केंवट (19 वर्ष): निवासी सराईपाली (महासमुंद), वर्तमान पता- सड्डू, रायपुर।
- गणेश कुर्रे (20 वर्ष): निवासी जिला सक्ती, वर्तमान पता- सड्डू, रायपुर।
- मेहराब खान (21 वर्ष): निवासी नूंह (हरियाणा), वर्तमान पता- फुण्डहर चौक, माना, रायपुर।
शहर में शांति बनाए रखने की अपील
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति और धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह और किसी बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल तैनात है।



