पेड़ से बच्चे को लटकाने पर बवाल: ABVP ने तोड़ा कलेक्टर ऑफिस का गेट; पालक बोले- ‘स्कूल की मान्यता बचाओ’

सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्कूलों में हुई क्रूरता की घटनाओं को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का गुस्सा फूट पड़ा। एक तरफ जहां रामानुजनगर के हंसवानी विद्या मंदिर में होमवर्क न करने पर केजी-टू के मासूम छात्र को पेड़ से लटकाने का मामला गरमाया हुआ है, वहीं मसिरा हाईस्कूल में छात्रों के बैग फेंकने की घटना ने भी आग में घी डालने का काम किया है।
💥 उग्र प्रदर्शन: कलेक्टर ऑफिस का मेन गेट तोड़ा
दोनों मामलों को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपने पहुंचे कार्यकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ऑफिस के अंदर जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्होंने कलेक्टर कार्यालय का मेन गेट तोड़ दिया। गेट टूटने के बाद ABVP कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और DEO के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें बाहर बुलाने की मांग करने लगे।
🚨 पुलिस बल तैनात, एसडीएम का सख्त तेवर
प्रदर्शन के उग्र होते ही स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम शिवानी जायसवाल तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “विरोध करने का भी तरीका होता है, आग लगा दो क्या?” उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया कि अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से भी रखी जा सकती है, उग्रता किसी समस्या का समाधान नहीं है।
🙏 पालकों ने लगाई गुहार: ‘बच्चों का भविष्य बचाओ’
इस बीच, जिस मामले में मासूम को पेड़ से लटकाया गया था, उस छात्र के परिजन और अन्य पालक कांग्रेस नेत्री शशि सिंह के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अनोखी मांग की। पालकों ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए स्कूल की मान्यता बरकरार रखने की गुहार लगाई। उनका तर्क था कि स्कूल बंद होने से मासूम छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ेगा।
🏛️ हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान: शिक्षा सचिव से मांगा जवाब
- यह सनसनीखेज मामला रामानुजनगर ब्लॉक के नारायणपुर स्थित हंसवानी विद्या मंदिर का है।
- वीडियो वायरल होने के बाद हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
- कोर्ट ने स्कूल शिक्षा सचिव से शपथ पत्र में जवाब मांगा है।
- मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को तय की गई है।
⚡ बड़ी कार्रवाई: शिक्षिका बर्खास्त, मान्यता समाप्ति का नोटिस
शिक्षा विभाग ने कोर्ट को बताया है कि आरोपी शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, स्कूल की मान्यता समाप्त करने के लिए भी नोटिस जारी कर दी गई है।
कोर्ट ने इस मामले पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि “शिक्षा के नाम पर क्रूरता और स्कूलों में अव्यवस्था असहनीय है, इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”



