
राजधानी रायपुर में आतंक का पर्याय बन चुके एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाईन और मुजगहन थाने के रिकॉर्ड में दर्ज, अपराध की दुनिया का शातिर खिलाड़ी बादल बेहरा (उम्र 29 वर्ष) को बोरियाकला क्षेत्र में रिवाल्वर, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया है। यह गिरफ्तारी रायपुर पुलिस की एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और मुजगहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का नतीजा है, जिसने एक बड़े खूनी खेल की साजिश को नाकाम कर दिया।
सड़क पर खुलेआम आतंक: रिवाल्वर लहराकर लोगों को डरा रहा था ‘बादल’
मामले का खुलासा तब हुआ जब एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को एक सनसनीखेज सूचना मिली। बताया गया कि मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित धनेली रोड पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास, मुर्गी फार्म के सामने एक शख्स हाथ में रिवाल्वर लहराकर आने-जाने वाले लोगों को खुलेआम डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों (आईजी श्री अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह) के सख्त निर्देश पर, पुलिस टीम ने फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उस शख्स को पहचान कर पकड़ा, जो कोई और नहीं, बल्कि दो दर्जन से अधिक गंभीर अपराधों में लिप्त, हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा निकला।
अवैध हथियारों का जखीरा: पुलिस के सामने आरोपी ने उगला सच
गिरफ्तारी के बाद जब बादल बेहरा से रिवाल्वर के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह पुलिस टीम को लगातार गुमराह करने लगा। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी टूट गया और उसने एक और चौंकाने वाला राज खोला!
आरोपी ने कबूल किया कि उसने रिवाल्वर के अलावा एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस अपने घर में छिपाकर रखा है। पुलिस ने तत्काल उसकी निशानदेही पर ये दोनों घातक हथियार भी बरामद कर लिए।
कुख्यात अपराधी का काला चिट्ठा: 24 से ज्यादा केस दर्ज!
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बादल बेहरा सिर्फ एक अपराधी नहीं, बल्कि अपराध की पाठशाला का पुराना छात्र है। उसके खिलाफ थानों में लगभग दो दर्जन (24+) से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। इसमें हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामले शामिल हैं।
इस ऑपरेशन के बाद, बादल बेहरा के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 221/25, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जब्त सामान:
- 1 नग रिवाल्वर
- 1 नग देसी कट्टा
- 1 नग जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी की संयुक्त टीम में शामिल पुलिसकर्मियों के नाम:-
यह बड़ी कार्यवाही एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्यवाही में निम्न अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही:
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU)
निरीक्षक परेश पाण्डेय (प्रभारी)
सउनि. अतुलेश राय
प्र.आर. विक्रम वर्मा
प्र.आर. पुष्पराज परिहार
आर. राजेन्द्र तिवारी
आर. दिलीप जांगडे
आर. बोधेन्द्र मिश्रा
आर. केशव सिन्हा
आर. मनोज सिंह
आर. अमित वर्मा
आर. मुनीर रजा
थाना मुजगहन पुलिस
निरीक्षक सिद्धेश्वर प्रताप सिंह (थाना प्रभारी)
प्र.आर. गिरीश सक्सेना
आर. निराधर ध्रुव
आर. राकेश ठाकुर
आर. चंद्रेश चंद्राकर
इन सभी पुलिसकर्मियों के प्रयासों से ही हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ा गया।



