
राजधानी रायपुर में कार चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने शंकर नगर इलाके से चोरी हुई एक स्कॉडा कुशाक (Skoda Kushaq) कार के मामले में विधि के साथ संघर्षरत दो नाबालिग बालकों को गिरफ्तार किया है। चोरी की यह कार बाद में महासमुंद जिले के तुमगांव में दुर्घटनाग्रस्त (एक्सीडेंट) पाई गई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चाबी चोरी कर उड़ाई 7 लाख की कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शंकर नगर सेक्टर 02 निवासी प्रार्थी दीप कुमार गाईन ने 05 अक्टूबर 2025 को सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्कॉडा कुशाक (CG 04 PK 9472), जो रात में घर के बाहर खड़ी थी, चोरी हो गई है।
जांच में जुटी पुलिस टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई, तो पता चला कि कार चोरी करने वाले कोई और नहीं, बल्कि दो नाबालिग बालक हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ने पहले घर के अंदर प्रवेश किया, वहाँ से कार की चाबी चुराई और फिर कार लेकर फरार हो गए।
महासमुंद में हुआ एक्सीडेंट, चोट के बाद अस्पताल पहुंचे
पुलिस को जल्द ही सूचना मिली कि चोरी की गई कार महासमुंद के तुमगांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पता चला कि एक्सीडेंट के दौरान कार में सवार दोनों नाबालिगों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर भेजा गया था।
पुलिस टीम मेकाहारा अस्पताल पहुंची, जहाँ पता चला कि दोनों बालकों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही घर से चाबी चोरी कर स्कॉडा कुशाक कार चुराई थी और तुमगांव के पास उसे दुर्घटनाग्रस्त कर दिया।
₹7 लाख की कार जब्त, आगे की कार्यवाही जारी
पुलिस ने दोनों विधि के साथ संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की गई लगभग ₹7,00,000/- (सात लाख रुपये) कीमत की स्कॉडा कुशाक कार (CG 04 PK 9472) जब्त कर ली है।
कार्यवाही में निरीक्षक दीपक पासवान थाना प्रभारी सिविल लाईन, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, सउनि. अतुलेश राय, प्र.आर. विक्रम वर्मा, पुष्पराज परिहार, आर. राजेन्द्र तिवारी, दिलीप जांगडे, बोधेन्द्र मिश्रा, केशव सिन्हा एवं मनोज सिंह तथा थाना सिविल लाईन से उपनिरीक्षक पीयूष बघेल, आर. महेन्द्र वर्मा, दीपक सेन, कमलेश सिंह एवं सुनील चंदेल की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।



