
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज 18 सितम्बर को रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर नई सेवा का शुभारंभ राजिम रेलवे स्टेशन से प्रातः 10:30 बजे करेंगे। इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू और श्री रोहित साहू की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
अब रायपुर से राजिम का सफर होगा आसान
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस नई ट्रेन सेवा से छत्तीसगढ़ के “प्रयाग” कहे जाने वाले राजिम तक सीधी रेल पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को भी काफी फायदा मिलेगा। अब राजिम के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को एक नई गति मिलेगी।
जानिए ट्रेन की समय-सारणी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अनुसार, यह ट्रेन सेवा 19 सितंबर, 2025 से नियमित रूप से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर हर दिन दोनों तरफ से चलेगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य डिब्बे और 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे, जो यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में सक्षम हैं।
यह नई ट्रेन सेवा न केवल लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि रायपुर और राजिम के बीच के ग्रामीण क्षेत्रों को भी राजधानी से बेहतर ढंग से जोड़ेगी।


