स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नवा रायपुर की सड़कों पर बाइकर्स गैंग के उत्पात मचाने की कोशिशों पर रायपुर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से की गई घेराबंदी में 128 बाइकों और 6 कारों सहित कुल 134 वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों के चालक नवा रायपुर में तेज रफ्तार से वाहन चलाते, लापरवाही से स्टंट करते और हुड़दंग मचाते पाए गए।

सोशल मीडिया पर चुनौती, पुलिस की कड़ी कार्रवाई:-
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस से पहले कुछ बाइकर्स गैंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप के ज़रिए अन्य बाइकर्स को नवा रायपुर की सड़कों पर स्टंट और धमाचौकड़ी करने के लिए उकसाते हुए वीडियो और तस्वीरें पोस्ट की थीं। रायपुर पुलिस ने इस पर संज्ञान लेते हुए 14 अगस्त 2025 को ही ऐसे 9 बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया था, जिन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो/वीडियो अपलोड किए थे।

इसके बावजूद, रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों से बाइकर्स गैंग द्वारा समूह बनाकर नवा रायपुर की सड़कों पर एकत्रित होकर उत्पात मचाने की आशंका थी। इसी को देखते हुए, डॉ. लाल उमेद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर के निर्देशन में और डॉ. प्रशांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, तथा श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अटल नगर, के मार्गदर्शन में पुलिस ने एक विशेष योजना तैयार की।
सिविल ड्रेस में पुलिस, सफल घेराबंदी
स्वतंत्रता दिवस के दिन, नवा रायपुर पहुँचने वाले बाइकर्स को घेरने के लिए पुलिस ने सिविल ड्रेस में उप पुलिस अधीक्षक द्वय सतीश ठाकुर और गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 5 निरीक्षक, 20 यातायात बल और क्रेन पेट्रोलिंग के साथ-साथ थाना प्रभारी राखी और थाना प्रभारी मंदिर हसौद की टीम को मिलाकर कुल 40 पुलिसकर्मियों की एक बड़ी टीम तैनात की। इस सुनियोजित घेराबंदी में पुलिस ने उन सभी 128 दोपहिया वाहन चालकों और 6 कार चालकों को पकड़ लिया, जो नवा रायपुर में तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे, लापरवाहीपूर्वक स्टंट कर रहे थे और मस्ती करते पाए गए।
जब्त किए गए सभी वाहनों को थाना राखी, मंदिर हसौद और अटल नगर यातायात थाना में रखा गया है। इन वाहन चालकों के खिलाफ स्टंट करते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना नंबर के वाहन चलाने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने, बिना हेलमेट के वाहन चलाने और वाहनों के दस्तावेज़ों में खामियों के लिए मामले तैयार किए गए हैं। इन सभी मामलों को सोमवार को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस बनी फरिश्ता: घायल बाइकर को पहुंचाया अस्पताल
इस कार्रवाई के दौरान एक मार्मिक घटना भी सामने आई। एक वाहन चालक स्टंट करते हुए गिरकर सड़क किनारे घायल पड़ा हुआ था। पुलिस की नज़र पड़ते ही, टीम ने तत्काल उस घायल बाइकर को उठाया, किनारे किया और एंबुलेंस बुलाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि स्टंट के कारण उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। पुलिस की इस तत्परता ने एक संभावित गंभीर स्थिति को टाल दिया।

युवाओं से अपील: जान जोखिम में न डालें
यह उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर में बाइकर्स समूह बनाकर स्टंटबाजी और कलाबाजी करते हैं और उनके वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हैं। इन रील्स को देखकर युवा वर्ग प्रेरित होता है और वे भी स्टंट करने के लिए नवा रायपुर जाते हैं। स्टंट करते समय कई बार दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे गंभीर चोटें आती हैं, और तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित न कर पाने के कारण कुछ हादसों में मौतें भी हुई हैं। इन सबके बावजूद भी युवा वर्ग सबक न लेते हुए स्टंट करने वालों की कलाबाजियों से प्रेरित होकर वाहनों पर स्टंट करते हैं। पुलिस लगातार ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
रायपुर पुलिस युवा पीढ़ी से अपील करती है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किए जाने वाले वाहनों में स्टंट के वीडियो का अनुकरण कर अपनी जान जोखिम में न डालें। स्टंट करना बेहद खतरनाक है और इससे गिरने पर चोट लगने से स्थायी विकलांगता या जान भी जा सकती है। समझदार बनें, सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित रहें।



