अपराधपुलिसराजधानी

रायपुर के हाइपर क्लब के बाहर बवाल: महिला को अनैतिक तरीके से छुवा और पति से की मारपीट, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत डराने-धमकाने वालों को दबोचा

राजधानी के पॉश इलाके वीआईपी रोड स्थित ‘हायपर क्लब’ के बाहर बीती रात जमकर हंगामा हुआ। एक महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति की पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही उन लोगों पर भी शिकंजा कसा है जो पीड़िता को केस वापस लेने के लिए डरा-धमका रहे थे।

डिनर के बाद निकलते ही हुआ सामना

मिली जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता अपने पति और दोस्तों के साथ 8 अप्रैल की रात वीआईपी रोड स्थित हायपर क्लब में डिनर करने गई थी। रात को जब सभी क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी पवन सिंह बघेल ने महिला का रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बुरी नियत से महिला का हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा और अश्लील फब्तियां कसते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा।

बीच-बचाव करने पर पति को पीटा

जब महिला ने आरोपी की इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो वह गाली-गलौज पर उतर आया। शोर सुनकर पीड़िता के पति ने जब आरोपी को समझाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी पवन सिंह बघेल ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद हड़कंप मच गया और पीड़िता ने तुरंत तेलीबांधा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 296 और 74 (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पहाड़ी पारा का रहने वाला है आरोपी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी तेलीबांधा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान पवन सिंह बघेल (38 वर्ष), निवासी पहाड़ी पारा, गुढ़ियारी के रूप में की। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

समझौते का दबाव बनाने वालों पर भी एक्शन

मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब पुलिस कार्रवाई के बीच दो अन्य युवक—ज्योतिरादित्य सिंह राजपूत और सत्येंद्र कुमार सिंह—मैदान में उतर आए। ये दोनों आरोपी पीड़िता पर रिपोर्ट वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे और उसे डरा-धमका रहे थे। पुलिस ने इसकी गंभीरता को देखते हुए इन दोनों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं (170, 126, 135(3)1 बीएनएसएस) के तहत सख्त कार्रवाई की है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले और अपराधियों को संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button