अपराधपुलिसराजधानी

गांजा तस्करी में हिस्ट्रीशीटर की पत्नी डॉली जैन गिरफ्तार, पति भी है जेल की सलाखों के पीछे

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक की है। इस बार पुलिस के हत्थे चढ़ी है ‘लेडी ड्रग पेडलर’ माधुरी जैन उर्फ डॉली, जो न केवल खुद तस्करी के दलदल में धंसी है, बल्कि उसका पूरा परिवार ही अपराध के साए में जी रहा है। रायपुर पुलिस की एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट (ACCU) और एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (A.N.T.F.) ने तेलीबांधा इलाके में घेराबंदी कर माधुरी जैन और उसके साथी को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
जुर्म का ‘पारिवारिक’ कनेक्शन: पति अंदर, अब पत्नी भी गिरफ्तार
इस गिरफ्तारी की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी महिला, माधुरी जैन उर्फ डॉली, रायपुर के खमतराई इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है। जुर्म की दुनिया में इस परिवार की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि माधुरी का पति उदय जैन पहले से ही नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) के तहत जेल में बंद है। पति के जेल जाने के बाद पत्नी ने न सिर्फ उसके अवैध कारोबार को संभाला, बल्कि सक्रिय रूप से तस्करी में उतर गई। पुलिस ने माधुरी के साथ 18 वर्षीय साथी कृष्ण साहू को भी दबोचा है।
फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश, पर पुलिस पड़ी भारी
7 मार्च की शाम पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरंग की ओर से एक एक्टिवा पर सवार महिला और पुरुष भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर में एंट्री करने वाले हैं। डीसीपी (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर तेलीबांधा रिंग रोड पर ‘किया कार शोरूम’ के पास नाकेबंदी की गई।
जैसे ही पुलिस की टीम ने संदिग्ध एक्टिवा को रुकने का इशारा किया, आरोपियों ने भागने के लिए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। लेकिन मुस्तैद ए.एन.टी.एफ. और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा कर उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। बैग के अंदर खाकी टेप से लिपटे गांजे के पैकेट मिले।
बरामदगी और कार्रवाई का ब्योरा
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित मशरूका जप्त किया है:

  • कुल गांजा: 6.140 किलोग्राम (कीमत लगभग 3,07,000/- रुपये)
  • वाहन: एक्टिवा क्रमांक CG-04-NY-9483 (कीमत लगभग 50,000/- रुपये)
  • कुल जप्ती: लगभग 3,57,000/- रुपये
    थाना तेलीबांधा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 110/26 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
    रायपुर पुलिस का ‘मिशन क्लीन’: 2026 के आंकड़े दे रहे गवाही
    रायपुर पुलिस नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए ‘एंड-टू-एंड’ (End-to-End) इन्वेस्टिगेशन कर रही है। यानी पुलिस सिर्फ बेचने वाले को नहीं, बल्कि माल कहाँ से आया (बैकवर्ड लिंकेज) और कहाँ जा रहा था (फॉरवर्ड लिंकेज), इसकी भी बारीकी से जांच कर रही है।
    वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में ही पुलिस ने शानदार प्रदर्शन किया है:
  • अब तक गांजे के 17 प्रकरण दर्ज।
  • कुल 36 आरोपी सलाखों के पीछे।
  • लगभग 191 किलोग्राम गांजा और 1 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक का सामान जप्त।
Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button