तखतपुर/बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘प्रहार’ अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। तखतपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में घातक नशीले पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 75 हजार रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर और बिक्री की रकम बरामद की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया जाल
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशों पर अमल में लाई गई। पुलिस को सटीक मुखबिर सूचना मिली थी कि मोढे चौक के पास दुर्गेश गायकवाड़ नामक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय और एसीसीयू की टीम ने जाल बिछाया और घेराबंदी कर दुर्गेश को दबोच लिया।
रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा गया मुख्य सप्लायर
दुर्गेश की तलाशी लेने पर उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलती गईं। दुर्गेश ने कुबूल किया कि वह यह नशा अप्पू देवांगन नामक व्यक्ति से खरीदता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी अप्पू देवांगन की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया।
दूसरे राज्यों से जुड़ा है नशे का नेटवर्क
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अप्पू देवांगन ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह दूसरे राज्यों से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और स्थानीय स्तर पर छोटे विक्रेताओं को बेचता था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और नशीले पदार्थ की बिक्री से मिले 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस की ‘एंड टू एंड’ जांच जारी
पुलिस अब इस मामले में ‘एंड टू एंड’ (End-to-End) विवेचना कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दूसरे राज्यों में बैठे इस गिरोह के मुख्य सरगना कौन हैं। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में शामिल टीम:
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, एसीसीयू के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे और उनकी टीम के साथ आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चंद्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




