अपराधपुलिसराजधानीसारंगढ़- बिलाईगढ़

16 लाख का 12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले 2 शातिर चोर महज 4 घंटे में गिरफ्तार: रायपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर इलाके से 12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र 4 घंटे के भीतर न केवल चोरी गया ट्रक बरामद किया, बल्कि दो आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पुराना शातिर अपराधी है।
होली की सुबह दिया वारदात को अंजाम
प्रार्थिया मीना निर्मलकर (निवासी अमलीडीह) ने थाना न्यू राजेंद्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक (CG 07 BC 9172) काली माता मंदिर के पास खड़ा था। 6 मार्च 2026 की सुबह करीब 4 बजे जब उनके पति मौके पर पहुंचे, तो ट्रक वहां से गायब था। अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से इतने भारी-भरकम वाहन को पार कर दिया था।
सीसीटीवी और टोल प्लाजा के फुटेज से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट जोन और आला अधिकारियों के निर्देश पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया और घटनास्थल से लेकर टोल प्लाजा तक के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस को चोरों के भागने के रूट का पता चल गया।
तीन जिलों की पुलिस का ‘जाल’ और 4 घंटे में सरेंडर
रायपुर पुलिस ने इस ऑपरेशन में गजब का तालमेल दिखाया। एसीसीयू रायपुर, महासमुंद पुलिस और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सलिहा पुलिस के साथ तुरंत जानकारी साझा की गई। घेराबंदी इतनी तगड़ी थी कि आरोपियों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलीहा थाना क्षेत्र में ट्रक के साथ दबोच लिया।
आरोपियों का प्रोफाइल: पुराना अपराधी भी शामिल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माइकल (26 वर्ष) और बजरंगी परिहार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रायपुर के ही न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के मामलों में बाल संप्रेषण गृह (माना) जा चुका है।
जब्ती और धाराएं:

  • बरामदगी: 12 चक्का ट्रक (कीमत लगभग 16,00,000 रुपये)।
  • कार्यवाही: आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 103/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
    इनकी रही मुख्य भूमिका
    इस त्वरित सफलता में न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र चौरे, आरक्षक शाबिर खान, एसीसीयू से एएसआई मंगलेश परिहार और उनकी टीम के साथ-साथ महासमुंद और सलिहा पुलिस का विशेष योगदान रहा।
Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button