अपराधराजधानी

नए साल के जश्न में ‘जहर’ घोलने की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार:रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’

आरोपी दिलबाग सिंह

छत्तीसगढ़ की राजधानी में नए साल के जश्न की तैयारियों के बीच नशे के सौदागर भी सक्रिय हो गए हैं। लेकिन रायपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन निश्चय’ ने ड्रग तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और डी.डी. नगर थाना पुलिस ने एक संयुक्त और बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा किलो के करीब अफीम के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नए साल की पार्टियों में खपाने की थी तैयारी
पुलिस को पुख्ता इनपुट मिले थे कि नए साल (2026) के आगमन पर आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में नशीले पदार्थों की मांग बढ़ने वाली है। इसी का फायदा उठाकर आरोपी दिलबाग सिंह शहर के युवाओं और पार्टी सर्किट में अफीम की सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस की मुस्तैदी ने समय रहते इस खेप को पकड़ लिया, जिससे नशे के एक बड़े नेटवर्क को चोट पहुंची है।
घेराबंदी और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
यह पूरी कार्यवाही डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के पार्थिवी प्रोविन्स के पास अंजाम दी गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोड किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ किसी ग्राहक का इंतज़ार कर रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ACCU और स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर जाल बिछाया। पुलिस ने जब संदिग्ध को घेरा और पूछताछ की, तो उसने पहले टीम को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन कड़ाई से तलाशी लेने पर उसके पास से 1.075 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
लाखों की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त की गई अफीम और अन्य सामान की कुल बाजार कीमत लगभग 5,50,000/- रुपये आंकी जा रही है।

  • आरोपी का विवरण: दिलबाग सिंह (55 वर्ष), निवासी पार्थिवी प्रोविन्स, सरोना, रायपुर।
  • पुलिस की कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 613/25 के तहत नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
    इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
    इस सफल ऑपरेशन में निरीक्षक रविन्द्र यादव (थाना प्रभारी डी.डी. नगर) और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह की अगुवाई में टीम ने शानदार तालमेल दिखाया। टीम में सउनि. मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, मार्तण्ड सिंह, और आरक्षक हरजीत सिंह सहित अन्य जवानों का विशेष योगदान रहा।
    रायपुर पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नए साल के दौरान शहर में किसी भी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button