बचेली में बैलाडीला पत्रकार संघ की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न,पत्रकार भवन निर्माण पर रहा जोर, संगठन विस्तार पर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श

इंडियन कॉफी हाउस, बचेली में 23 नवंबर, रविवार को बैलाडीला पत्रकार संघ की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के सभी सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय पत्रकारिता को मजबूत बनाने से लेकर आगामी कार्ययोजना तक कई विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।मुख्य रूप से पत्रकार भवन निर्माण का मुद्दा बैठक के केंद्र में रहा।
लंबे समय से लंबित इस मांग पर सभी सदस्यों ने एकमत होकर कहा कि पत्रकारों के लिए एक समर्पित भवन आवश्यक है, जिससे क्षेत्र में मीडिया गतिविधियों को संगठित स्वरूप मिल सके। इस दिशा में आगे की रणनीति तैयार करने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में संगठन का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा संगठन विस्तार को लेकर सदस्यों ने अपनी-अपनी राय रखी।
साथ ही क्षेत्रीय सामाजिक मुद्दों, प्रशासनिक संवाद को सशक्त बनाने तथा मीडिया की रचनात्मक भूमिका पर भी व्यापक चर्चा हुई।इस बैठक में अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, सचिव अमलेंदु चक्रवर्ती, कोषाध्यक्ष फखरे आलम, साथ ही नफीस कुरैशी, दुर्जन सिंह, डी.एम. सोनी, संदीप दीक्षित और अशोक नंदी उपस्थित रहे।




