
रायपुर: राजधानी रायपुर इस वक्त एक चौंकाने वाले पोस्ट को लेकर चर्चा में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक ‘न्यूड पार्टी’ का न्योता वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। यह पोस्ट ‘सिनफुल राइटर1’ (@sinful_writer1) नाम की एक इंस्टाग्राम आईडी से किया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया है कि यह पार्टी शनिवार को शहर में आयोजित की जाएगी। इसमें 18 प्लस कपल्स, युवतियों और महिलाओं को शामिल होने का न्योता दिया गया है। पोस्ट में साफ तौर पर लिखा है कि इस पार्टी में सभी को बिना कपड़ों के आना होगा। इस तरह के हैरान कर देने वाले आमंत्रण ने सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है।
पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच शुरू
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ, रायपुर पुलिस ने इस पर तुरंत कार्रवाई की। एएसपी सिटी, लखन पटले ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए इस ‘न्यूड पार्टी’ की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा, “इस तरह का पोस्ट किसने किया है, इसकी जांच की जा रही है। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस की जांच शुरू हो चुकी है ताकि इस पोस्ट के पीछे की सच्चाई का पता लगाया जा सके और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
शहर में पहले भी हो चुके हैं ऐसे विवादित आयोजन
यह पहली बार नहीं है जब रायपुर में इस तरह के विवादित आयोजन सामने आए हैं। इससे पहले, विधानसभा रोड पर स्थित एक क्लब में ‘फेक वेडिंग पार्टी’ आयोजित की गई थी, जिसका बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध किया था। उस घटना के बाद, पुलिस ने क्लब संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया था। शहर के कई होटल और क्लब संचालक युवाओं को आकर्षित करने के लिए ऐसी ही अजीबोगरीब तरकीबें अपना रहे हैं। कभी ‘रक्षा बंधन’ पर शराब परोसने का ऑफर दिया जाता है, तो कभी ‘फेक इवेंट्स’ आयोजित किए जाते हैं, जो सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन करते हैं।

पुलिस का मानना है कि ऐसे आयोजनों की आड़ में ड्रग्स और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां भी बढ़ रही हैं, जिस पर पुलिस लगातार नज़र बनाए हुए है। फिलहाल, ‘न्यूड पार्टी’ के इस वायरल पोस्ट की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश जारी है, जिसने शहर के माहौल में हलचल मचा दी है।
न्यूड पार्टी आयोजन रोकने , आयोजन कर्ताओं और उनके संरक्षण कर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज दोपहर 12:00 बजे एसपी डॉक्टर लाल उमेद सिंह से कन्हैया अग्रवाल प्रदेश महामंत्री छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुलाकात करेंगे।



