
छत्तीसगढ़ की राजधानी में इन दिनों ठगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पॉश इलाकों में ऑफिस लेकर व्यापारियों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला तेलीबांधा इलाके का है, जहां एक टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायी से करीब 19.50 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा (USD और GBP) ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से दबोच लिया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता हरदीप सिंह होरा, जो ‘ट्रैवल प्लानर’ के नाम से व्यवसाय करते हैं, उन्हें 1 मार्च को हर्षित अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति का व्हाट्सएप कॉल आया। आरोपी ने खुद को बड़ा क्लाइंट बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग की बात कही। भरोसे में लेने के बाद, आरोपी ने हरदीप को तेलीबांधा स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में 18,000 अमेरिकी डॉलर और 2,000 ब्रिटिश पाउंड के साथ बुलाया, ताकि उसके बदले भारतीय मुद्रा दी जा सके।
केबिन में बिठाया और डॉलर लेकर रफूचक्कर
अगले दिन जब हरदीप विदेशी मुद्रा लेकर पहुंचे, तो वहां ‘रक्षित अग्रवाल’ नाम का एक युवक मिला। बातों-बातों में रक्षित ने कहा कि वह नोट गिनने की मशीन लेकर आता है और केबिन से बाहर निकल गया। वहीं दूसरी तरफ हर्षित अग्रवाल फोन पर हरदीप को बातों में उलझाए रहा। जब काफी देर तक कोई वापस नहीं आया, तब हरदीप को समझ आया कि उनके साथ 19,47,400 रुपये की धोखाधड़ी हो चुकी है।
हावड़ा से दबोचा गया ‘प्रोसेनजित’
रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण (मोबाइल लोकेशन) की मदद से पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल के हावड़ा पहुंची। वहां से मुख्य आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की बड़ी बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 4,50,000 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया एक आईफोन जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुराना ‘खिलाड़ी’ है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती कोई नौसिखिया नहीं है। वह पहले भी मुंबई के बांद्रा थाने में इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है। रायपुर पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
सावधान रहें: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बड़ी धनराशि या विदेशी मुद्रा का लेन-देन सार्वजनिक या असुरक्षित स्थानों पर करने से बचें।



