जागरूकतापुलिसयातयातराजधानी

सड़क पर स्टंट या मौत को बुलावा? रायपुर की वीआईपी रोड पर युवती का जानलेवा सफर, पुलिस ने सिखाया सबक


रायपुर की सड़कों पर रील बनाने और हवाबाजी करने का शौक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। हाल ही में सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में एक ऐसी तस्वीर वायरल हुई, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। तस्वीर में एक युवती चलती हुई स्कूटी पर पीछे की तरफ मुंह करके, बेहद बेपरवाह अंदाज में कानों में हेडफोन लगाए और मोबाइल चलाते हुए बैठी नजर आ रही है। इस लापरवाही और जानलेवा स्टंट की तस्वीर में साफ तौर पर देख सकते हैं।
इस वायरल खबर और तस्वीर का संज्ञान लेते हुए रायपुर पुलिस तुरंत एक्शन में आई। थाना तेलीबांधा एवं यातायात तेलीबांधा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस वाहन के मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की है।


लापरवाही पड़ी भारी, पुलिस का चला डंडा:-
समाचार पत्र में छपी इस खबर के आधार पर पुलिस ने वाहन क्रमांक CG04 NZ 8592 (एक्टिवा) के स्वामी राजीव कुमार यादव (पिता स्वर्गीय रामखिलावन यादव, निवासी भावना नगर, खमहारडीह रायपुर) को ढूंढ निकाला। वाहन को इस तरह बेहद लापरवाही और खतरनाक ढंग से चलाने के संबंध में पुलिस ने स्वामी के विरुद्ध मोटर व्हीकल (MV) एक्ट की धारा 184, 129 और 179 के तहत सख्त चालानी कार्रवाई की है।
मां-बाप भी दे रहे हैं बच्चों को गलत सीख! :-
अक्सर देखा जाता है कि केवल युवा ही नहीं, बल्कि कई जिम्मेदार माता-पिता भी ऐसी खतरनाक गलतियां करते हैं। कई बार सड़कों पर देखा गया है कि छोटे बच्चे स्कूटी या बाइक पर पीछे की तरफ मुंह करके बैठे रहते हैं और उनके माता-पिता बेफिक्र होकर गाड़ी चला रहे होते हैं। एक छोटी सी चूक, अचानक आया कोई गड्ढा या सामने लगा ब्रेक, आपके मासूम बच्चे को जिंदगी भर का दर्द दे सकता है या उसकी जान भी ले सकता है। युवाओं के साथ-साथ पालकों को भी यह समझना होगा कि सड़क कोई सर्कस का मैदान नहीं है।
सावधान! आगे होगी और भी कठोर कार्यवाही:-
तेलीबांधा पुलिस और यातायात विभाग ने साफ संदेश दे दिया है कि सड़कों पर इस तरह की हुड़दंगबाजी और जानलेवा स्टंट बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। यातायात पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। कानों में हेडफोन लगाकर या मोबाइल पर ध्यान भटकाकर गाड़ी चलाना सीधे तौर पर मौत को आमंत्रण देना है।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शहर के मुख्य मार्गों और वीआईपी रोड पर सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। अगर भविष्य में कोई भी इस तरह स्टंट करता या नियमों की धज्जियां उड़ाता पाया गया, तो केवल चालान नहीं होगा, बल्कि वाहन जब्त करने के साथ-साथ जेल भेजने जैसी और भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।


अपनी सुरक्षा अपने हाथ है, नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें!

Join Dainik Bodh Whatsapp Community

Related Articles

Back to top button