
अगर आप नामी ब्रांड्स के कपड़े या चप्पल-जूते खरीदने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए एक बड़ा अलर्ट है। राजधानी रायपुर के थोक बाजार में नामी ब्रांड ‘पुमा’ (Puma) के नाम पर नकली चप्पलें बेचने वाले एक बड़े खेल का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने माना कैंप इलाके के एक थोक बाजार में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सामान जब्त किया है।
इंदौर से रायपुर पहुंची शिकायत, पुलिस ने लिया कड़ा एक्शन:-
पूरे मामले में इंदौर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले गौरव श्रीवास्तव की शिकायत पर पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। गौरव श्रीवास्तव की सजगता के कारण ही इस धोखाधड़ी का खुलासा हो सका।
दुकान में रखी थीं 518 जोड़ी नकली चप्पलें:-
शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने मार्केट की ‘राज फुटवियर’ दुकान पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। दुकान के भीतर नामी ब्रांड ‘PUMA’ कंपनी के लोगो (Logo) वाले हूबहू दिखने वाले नकली स्लाइडर्स (चप्पलें) बेची जा रही थीं। पुलिस ने मौके से 518 जोड़ी नकली स्लाइडर जब्त किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत 64,780 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने दुकान संचालक राहुल नेभानी (उम्र 36 वर्ष) को आरोपी बनाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 147/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह धाराएं किसी ब्रांड के नकली उत्पाद बनाकर या बेचकर ग्राहकों और कंपनी को धोखा देने पर लगाई जाती हैं।
पाठकों के लिए जरूरी सतर्कता संदेश (जागरूकता)
बाजार में इन दिनों नामी कंपनियों के ‘फर्स्ट कॉपी’ या नकली उत्पाद धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। कई बार कम कीमत के चक्कर में ग्राहक धोखा खा जाते हैं। हमेशा ध्यान रखें कि ब्रांडेड सामान केवल अधिकृत (Authorized) शोरूम या भरोसेमंद डीलर्स से ही खरीदें और पक्का बिल जरूर लें, ताकि आप ऐसी धोखाधड़ी का शिकार न हों।



