राजधानी में नशे के सौदागरों ने अब पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ‘बीमारी’ का सहारा लेना शुरू कर दिया है। रायपुर पुलिस की एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (A.N.T.F.) और क्राइम ब्रांच ने एक ऐसी ही शातिर साजिश को नाकाम करते हुए शहर के एक रईसजादे को गिरफ्तार किया है, जो मेडिकल डिवाइस यानी बी.पी. मशीन (Blood Pressure Machine) की आड़ में दूसरे राज्यों से कोकीन की सप्लाई मंगा रहा था।
मुखबिर की सटीक सूचना और घेराबंदी
राजधानी में नशे के खिलाफ चल रहे ‘निजात’ अभियान के तहत पुलिस को 19 मार्च की शाम एक पुख्ता इनपुट मिला। सूचना थी कि देवेंद्र नगर स्थित नारायणा अस्पताल (सेक्टर-5) के पास एक युवक अपनी लग्जरी कार में करोड़ों की कोकीन लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, ए.एन.टी.एफ. और देवेंद्र नगर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तत्काल जाल बिछाया। मौके पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार को रोका गया, जिसमें शंकर नगर निवासी कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28 वर्ष) सवार था।
बी.पी. मशीन के भीतर छिपा था ‘सफेद जहर’
जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, तो वहां ‘श्री मारुति कोरियर’ का एक पैकेट बरामद हुआ। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि इसमें बी.पी. नापने की मशीन है। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और पैकेट को खोलकर मशीन की बारीकी से जांच की, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बी.पी. मशीन के भीतर बड़ी ही चालाकी से कोकीन के पैकेट छिपाए गए थे।
लाखों की कोकीन और लग्जरी सामान जप्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 4.55 ग्राम शुद्ध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2,27,500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, अपराध में इस्तेमाल की गई ग्रैंड विटारा कार (CG 04 NX 3300) और एक महंगा आईफोन 16 भी जप्त किया गया है। जप्त किए गए कुल सामान की कीमत करीब 20,27,500 रुपये है।
कोरियर कंपनी भी अब रडार पर
इस मामले में पुलिस ने केवल आरोपी को ही नहीं, बल्कि उस माध्यम को भी निशाने पर लिया है जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘श्री मारुति कोरियर फर्म’ के खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की डिलीवरी में उनकी क्या भूमिका या लापरवाही रही है।
कौन है आरोपी और क्या है अगला कदम?
गिरफ्तार आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल, गीतांजलि नगर (शंकर नगर) का निवासी है। पुलिस अब इसके Forward and Backward Linkages खंगाल रही है।
- यह कोकीन किस राज्य से आई?
- रायपुर में इसका असली खरीदार कौन था?
- क्या शहर के रईसजादों की किसी पार्टी में इसकी सप्लाई होनी थी?
इन सवालों के जवाब के लिए पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ थाना देवेंद्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील: रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री या संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। आपकी एक जानकारी शहर को नशे की गिरफ्त से बचा सकती है।




