रायपुर में ज्वेलरी दुकान की दीवार में छेद कर लाखों की चोरी का पर्दाफाश: मास्टरमाइंड विशाल सचदेव समेत दो गिरफ्तार, कर्ज चुकाने रची थी साजिश

रायपुर: राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर में स्थित ‘श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स’ में हुई सनसनीखेज चोरी का रायपुर पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। दुकान की दीवार में बड़ा छेद कर सोने-चांदी के आभूषण उड़ाने वाले शातिर मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। इस बड़ी कार्यवाही में पुलिस ने चोरी गए शत-प्रतिशत मशरूका और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 14,51,700 रुपये का सामान बरामद किया है।
कर्ज के दलदल में फंसे शख्स ने रची साजिश:- घटना का मुख्य मास्टरमाइंड विशाल सचदेव (पिता लक्ष्मण दास सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी- रामली हवलाई गली के पीछे, आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक, रायपुर) है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशाल ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री खोली थी, जिसके लिए उसने भारी-भरकम कर्ज ले रखा था। फैक्ट्री के ठप पड़ जाने से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ और कर्जदाताओं का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी वित्तीय संकट से उबरने के लिए उसने अपनी ही फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढ़ीमर (पिता पुना लाल ढ़ीमर, उम्र 32 वर्ष, निवासी- ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर, हाल पता- ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद) और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
दो रातों में दिया वारदात को अंजाम:- योजना के तहत आरोपियों ने कई ज्वेलरी दुकानों की रेकी की और अंततः रामनगर कर्मा चौक के पास स्थित प्रार्थी सुनील जैन की दुकान को निशाना बनाया। शातिर चोरों ने शातिर तरीके से 26-27 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया और वापस लौट गए। इसके बाद, वे 29-30 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात दोबारा पहुंचे, पहले किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के भीतर दाखिल हुए और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के सारे जेवर समेट कर फरार हो गए।
सुबह खुला राज, दुकान के उड़े होश:- प्रार्थी सुनील जैन जब 30 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दुकान के दाहिने तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी, फर्नीचर बिखरा पड़ा था और दीवार में बड़ा सा छेद था। डिस्प्ले से सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। तुरंत इसकी सूचना थाना गुढ़ियारी में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 430/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की संयुक्त टीम और तकनीकी सर्विलांस की कमाल की कार्यवाही:- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुलिस चौकी रामनगर की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। संदिग्धों के रूट, मुखबिर की सूचना और पुराने अपराधियों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण कर आखिरकार पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
बरामदगी और कुल जब्ती:- पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल सचदेव और सूरज ढ़ीमर को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर निम्नलिखित सामग्री जप्त की है:
- सोने के आभूषण (कीमत लगभग 50,000/- रुपये)
- चांदी के आभूषण (वजन लगभग 3.5 किलोग्राम, कीमत लगभग 7,91,700/- रुपये)
- आर्टिफिशियल आभूषण (कीमत लगभग 10,000/- रुपये)
- घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 04 MT 8303)
- बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी
- कुल जप्त मशरूका: लगभग 14,51,700/- रुपये।
प्रकरण में शामिल एक अन्य तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कह रही है।



