खाकी पर दाग लगाने वाले PSI पर गाज: अवैध वसूली के आरोप में प्रशिक्षु SI महेश ओगरे निलंबित(रायपुर)

राखी थाना में दर्ज अपराध की विवेचना के दौरान वसूली और पद के दुरुपयोग की शिकायत पर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने थाना राखी में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) महेश कुमार ओगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? :-थाना राखी के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना के दौरान PSI महेश कुमार ओगरे पर दबाव बनाकर अवैध वसूली और पैसे ऐंठने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के प्राथमिक अवलोकन में अधिकारी द्वारा पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के विपरीत आचरण और पद का अनुचित उपयोग करना पाया गया। इसे गंभीर कदाचरण मानते हुए एसएसपी/एसपी स्तर से निलंबन का आदेश जारी किया गया है।
कार्यवाही के मुख्य बिंदु:
- तत्काल प्रभाव से निलंबन: 24 अगस्त 2026 (अपराह्न) से PSI महेश कुमार ओगरे को लाइन अटैच करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण तय किया गया है।
- 7 दिनों में जांच रिपोर्ट तलब: मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक (अजाक/अपराध) ताजेश्वर दीवान को प्रारंभिक जांच का जिम्मा सौंपा गया है। उन्हें 7 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
- नियमानुसार भत्ता: निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि खाकी की आड़ में भ्रष्टाचार या अवैध वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्यवाही जारी रहेगी।



