
जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस और ACCU (एंटी क्राइम एंड आपराधिक यूनिट) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। महंगे और हाई-प्रोफाइल मादक पदार्थ ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ (OG) की तस्करी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
देर रात सिरगिट्टी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि नया बस स्टैंड (तिफरा) के पास एक व्यक्ति काले रंग की किआ सेल्टोस (Kia Seltos) कार में अत्यंत महंगा नशीला पदार्थ ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में त्वरित कार्यवाही की योजना बनाई गई।थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस और ACCU की टीम ने नया बस स्टैंड तिफरा में घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया और संदिग्ध कार को रोककर आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी की पहचान:
- नाम: शोभित जजोदिया उर्फ अक्षत (उम्र 32 वर्ष)
- पिता का नाम: अवध जजोदिया
- पता: लिंक रोड, सुमंगलम अपार्टमेंट के पास, थाना तारबहार, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
जब्ती की विवरणी (कुल जुमला कीमती: ₹7,65,000):
- मादक पदार्थ (OG): 5.32 ग्राम ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ (कीमत लगभग ₹15,000)
- वाहन: अवैध परिवहन में प्रयुक्त किआ सेल्टोस कार (क्र. CG10AS3131, कीमत लगभग ₹7,00,000)
- मोबाईल: 01 नग Apple iPhone 16 Pro (कीमत लगभग ₹50,000)
कानूनी कार्यवाही:
आरोपी के पास से नशीला पदार्थ और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार व मोबाइल जप्त कर उसके खिलाफ धारा 20(a) NDPS Act के तहत कार्यवाही किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड (Judicial Remand) पर भेजा गया है।
सराहनीय भूमिका:
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उप निरीक्षक (ASI) नरेश कुमार गर्ग, प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह, आरक्षक विरेन्द्र निषाद, संजय यादव तथा ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपती व उनकी पूरी टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई है।
खबर के साथ जन-जागरूकता
क्या होता है ‘OG’ और क्यों है यह खतरनाक? आम बोलचाल में ‘OG’ का मतलब Original Gangster होता है, लेकिन नशीली दुनिया में ‘OG’ (जैसे OG Kush) गांजे/कैनबिस की एक बेहद शक्तिशाली, प्रोसेस की गई और महंगी हाइब्रिड किस्म को कहा जाता है। इसमें कैमिकल और नशीले तत्वों (THC) की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो दिमाग और शरीर को तेजी से नुकसान पहुंचाती है।
बिलासपुर पुलिस की अपील: नशा केवल किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। यदि आपके आसपास किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। आपका एक सही कदम किसी का जीवन बचा सकता है।



