

राजधानी रायपुर में पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग और मुस्तैदी के चलते एक बड़ा अपराध होने से टल गया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित नामचीन ‘कल्याण ज्वेलर्स’ में डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो धारदार चाकू, तीन मोबाइल और ₹2,500 नकदी बरामद की गई है।
रेलवे स्टेशन के पीछे से घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 7 के पीछे नया रोड के पास कुछ संदिग्ध युवक घातक हथियारों के साथ एकत्र हैं। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार और चाकू बरामद हुए।
1 अप्रैल को की गई थी रेकी, मोबाइल पर शेयर हुई तस्वीरें
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में देर रात डकैती डालने की फिराक में थे। गिरोह के एक सदस्य ने बीते 1 अप्रैल 2026 को बाकायदा ज्वेलर्स की रेकी की थी। उसने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्ते और वारदात को अंजाम देने के लिए जरूरी जानकारियां जुटाई थीं।
मामले में दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। फरार आरोपी लगातार फोन पर अपडेट ले रहे थे और रेकी की तस्वीरें शेयर कर डकैती का पूरा प्लान तैयार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- देवांश शर्मा (19 वर्ष) – निवासी: सागरपुर, जनकपुरी, दिल्ली
- सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष) – निवासी: नजफगढ़, अर्जुनपारा, दिल्ली
- मयंक सिंह (19 वर्ष) – निवासी: सिकंदरपुर, प्रभात जर्दा फैक्ट्री के पास, मुजफ्फरपुर (बिहार)
वैधानिक कार्यवाही और पुलिस टीम
थाना गुढ़ियारी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 321/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्यवाही डीसीपी उत्तर श्रीमती दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर श्री आदित्य पांडेय एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआई वरदान सिंह, सउनि नरेश देवांगन, प्र.आर. संतोष ठाकुर, आर. सुदीप मिश्रा, आर. किशोर राजपूत, आर. रविशंकर तिवारी और आर. जगन्नाथ सावले की सजगता से संभव हो सकी।
सावधानी एवं सतर्कता ही सुरक्षा है (नागरिकों के लिए संदेश): व्यापारिक संस्थानों और आभूषण दुकानों के संचालक अपनी सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा पुख्ता रखें। उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगवाएं, सुरक्षा गार्ड तैनात रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी या गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। पुलिस और जनता की सजगता से ही ऐसे अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सकता है।



